CG News: बिलासपुर-रायगढ़ हाईवे पर केसला टोल प्लाजा हुआ डिजिटल, 350 रुपए में मिलेगा लोकल पास
CG News: छत्तीसगढ़ में टोल व्यवस्था को अधिक आसान और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में नई पहल की गई है. बिलासपुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर स्थित केसला टोल प्लाजा को प्रदेश का पहला पूरी तरह डिजिटल टोल प्लाजा बताया गया है. यहां टोल भुगतान के साथ स्थानीय वाहन चालकों के लिए लोकल मासिक पास की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है.

घर बैठे कर सकेंगे आवेदन
NHAI की FASTag डिजिटल लोकल पास व्यवस्था के तहत केसला टोल प्लाजा को जोड़ा गया है. अब पात्र स्थानीय लोगों को मासिक पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा जाने या कागजी दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी. मोबाइल के जरिए राजमार्ग यात्रा एप या NHAI के आधिकारिक वेब पोर्टल से घर बैठे पास के लिए आवेदन किया जा सकेगा.
20 किलोमीटर दायरे में सुविधा
डिजिटल लोकल पास की सुविधा टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र स्थानीय नागरिकों के लिए उपलब्ध होगी. पात्र गैर-व्यावसायिक वाहन मालिक ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से मासिक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे. इससे स्थानीय लोगों को रोजाना आने-जाने के दौरान टोल भुगतान की प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है.
350 रुपए होगा मासिक पास शुल्क
नेशनल हाईवे यूजर फीस नियमों के तहत गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए मासिक लोकल पास का शुल्क 350 रुपए निर्धारित किया गया है. डिजिटल व्यवस्था के कारण पात्र वाहन चालकों को पास बनवाने के लिए बार-बार टोल प्लाजा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इससे समय की बचत के साथ टोल व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है.
डिजिटल दस्तावेजों से होगा सत्यापन
लोकल पास की प्रक्रिया में आवेदक की जानकारी का डिजिटल सत्यापन किया जाएगा. इसके लिए डिजीलॉकर, वाहन संबंधी डिजिटल प्लेटफॉर्म और लिंक किए गए FASTag जैसी व्यवस्थाओं का उपयोग किया जाएगा. आवासीय पता और वाहन की जानकारी का सत्यापन होने के बाद पात्र नागरिकों को डिजिटल लोकल पास की सुविधा मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में सभी बिजली कनेक्शनों की E-KYC, घर बैठे ‘मोर बिजली’ एप से होगा आधार वेरिफिकेशन



