CG News: छत्तीसगढ़ में सभी बिजली कनेक्शनों की E-KYC, घर बैठे ‘मोर बिजली’ एप से होगा आधार वेरिफिकेशन
CG News: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन की E-KYC प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होने जा रही है. इसके तहत घरेलू, गैर-घरेलू, कृषि, औद्योगिक, सड़क बत्ती और नलजल सहित सभी तरह के बिजली कनेक्शनों का आधार प्रमाणीकरण किया जाएगा. इस प्रक्रिया में बिजली कनेक्शन में दर्ज उपभोक्ता की पहचान और जानकारी का आधार कार्ड से मिलान किया जाएगा. E-KYC सफल होने के लिए बिजली कनेक्शन और आधार कार्ड में दर्ज नाम का शत-प्रतिशत मिलान जरूरी होगा.

नाम में गलती तो पहले कराएं सुधार
उपभोक्ताओं को E-KYC कराने से पहले अपने बिजली कनेक्शन और आधार कार्ड में दर्ज नाम की जांच करने की सलाह दी गई है. अगर दोनों रिकॉर्ड में नाम अलग है या किसी तरह की गलती है, तो पहले बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में सुधार कराना होगा. रिकॉर्ड ठीक होने के बाद ही आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी. इसलिए उपभोक्ताओं के लिए E-KYC से पहले अपने दस्तावेजों की जानकारी जांचना जरूरी है.
घर बैठे ‘मोर बिजली’ एप से होगी प्रक्रिया
बिजली उपभोक्ताओं को E-KYC कराने के लिए बिजली कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी. वे ‘मोर बिजली’ एप के माध्यम से घर बैठे आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान परेशानी आने पर उपभोक्ता अपने नजदीकी वितरण केंद्र या जोन कार्यालय पहुंचकर भी E-KYC करा सकते हैं. वहां कर्मचारी ‘प्रकाश एप’ के E-KYC पोर्टल के जरिए वेरिफिकेशन करेंगे.
मीटर रीडर भी करेंगे उपभोक्ताओं की मदद
E-KYC प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मीटर रीडरों को भी उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें आधार प्रमाणीकरण कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे उन लोगों को भी सुविधा मिलेगी, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी होती है. बिजली कंपनी का उद्देश्य सभी कनेक्शनों का आधार प्रमाणीकरण पूरा करना है, ताकि उपभोक्ता से जुड़ी जानकारी को रिकॉर्ड के साथ सही तरीके से जोड़ा जा सके.
E-KYC के लिए कोई शुल्क नहीं
बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि E-KYC के लिए उपभोक्ताओं से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा. इसलिए किसी कर्मचारी, मीटर रीडर या अन्य व्यक्ति को E-KYC के नाम पर पैसे देने की जरूरत नहीं है. उपभोक्ताओं को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार या अन्य निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतनी चाहिए. अगर कोई व्यक्ति E-KYC के लिए पैसे मांगता है, तो उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है.
यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर के इतिहास, संस्कृति और विकास यात्रा पर नई किताब, CM साय ने किया विमोचन



