CG News: छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगी नई खेल नीति, 100 करोड़ के बजट से बदलेगा खेलों का भविष्य
CG News: छत्तीसगढ़ में जल्द ही नई खेल नीति लागू होने जा रही है, जिसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है. रायपुर में आयोजित पहली स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासकों, कोच, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और विशेषज्ञों ने प्रतिभा खोज, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आधुनिक खेल अधोसंरचना को लेकर सुझाव दिए. इन सुझावों को नई खेल नीति और राज्य की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा.
विशेषज्ञों के सुझावों से तैयार होगी कार्ययोजना
खेल संचालक तनुजा सलाम ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में मिले महत्वपूर्ण सुझावों को खेल नीति में शामिल किया जाएगा. उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि विशेषज्ञों की राय केवल दस्तावेजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इनके आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी. सरकार का लक्ष्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

खेल विकास के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान
स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए इस वर्ष बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. इस राशि से खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाओं को विकसित किया जाएगा. सरकार ने 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को भी मंजूरी दे दी है, जिन्हें विशेष लाभ मिलेगा.
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में लाभ दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि बस्तर ओलिंपिक में करीब चार लाख और सरगुजा ओलिंपिक में साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों की भागीदारी हुई है. यह आंकड़े बताते हैं कि छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति युवाओं की रुचि लगातार बढ़ रही है और नई खेल नीति से इसे और मजबूती मिलेगी.
ट्राइबल गेम्स के 19 पदक विजेताओं का सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया. वेटलिफ्टिंग में निकिता ने गोल्ड और रिषिका ने सिल्वर पदक जीता. वहीं तैराकी, एथलेटिक्स और भारोत्तोलन में कई खिलाड़ियों ने सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया. मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देकर उनका उत्साह बढ़ाया.
पदक विजेताओं और टीमों को मिली प्रोत्साहन राशि
गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई. इसके अलावा महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपए, पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख रुपए और पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई. सरकार ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और खेल विकास पर जोर दिया है.




