CG Census 2027: छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से शुरू होगी दूसरे चरण की जनगणना, 72 हजार कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी
CG Census 2027: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसके तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों की जानकारी एकत्रित करेंगे. इससे पहले नागरिकों को स्वगणना की सुविधा भी मिलेगी, जिसके जरिए वे जनगणना पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे. प्रदेश के सभी 33 जिलों में इस पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करने की तैयारी है.

72 हजार कर्मचारियों की तैनाती
इस बार छत्तीसगढ़ में जनगणना का काम डिजिटल माध्यम से किया जाएगा. इसके लिए कुल 72 हजार 769 कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनमें 62 हजार 102 प्रगणक और 10 हजार 667 पर्यवेक्षक शामिल हैं. प्रदेश के 33 जिलों के 19 हजार 978 गांव और 195 नगरीय क्षेत्रों में जनगणना की जाएगी. इसके लिए 60 हजार 682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं. प्रत्येक ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की गणना की जाएगी, जरूरत के अनुसार इन्हें छोटे उप-ब्लॉक में भी बांटा जाएगा.

अब जुटेगी लोगों की जानकारी
जनगणना 2027 के पहले चरण में मकानों का सूचीकरण और आवास संबंधी जानकारी जुटाई गई थी. अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी. इस दौरान जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे. प्रगणक लोगों से प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति से संबंधित सवाल भी पूछेंगे. इस प्रक्रिया के जरिए प्रदेश की जनसंख्या और सामाजिक संरचना से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे.

16 भाषाओं में उपलब्ध होगा जनगणना ऐप
डिजिटल जनगणना के लिए विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया गया है, जो 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा. इसकी खासियत यह है कि इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी ऐप में जानकारी ऑफलाइन दर्ज की जा सकेगी. वहीं, स्वगणना करने वाले नागरिकों को एक विशेष आईडी मिलेगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा. जनगणना के दौरान व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और एन्क्रिप्टेड डेटा की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.

प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
जनगणना का काम व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनरों और जिला स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है. वहीं, फील्ड ट्रेनरों को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 21 दिसंबर से 15 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कर्मचारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना के दूसरे चरण की जिम्मेदारी संभालेंगे.

One Response