CG News: कबड्डी स्टार संजू देवी का सम्मान, छत्तीसगढ़ सरकार ने दिए 50 लाख रुपए
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर में आयोजित समारोह में यह राशि प्रदान की।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी संजू देवी
संजू देवी ने कबड्डी वर्ल्ड कप और एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

छोटे गांव से बड़ी सफलता तक का सफर
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू देवी ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष कर यह मुकाम हासिल किया। वे बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं और अपनी मेहनत से लगातार आगे बढ़ रही हैं।
‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ का खिताब भी जीता
नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी वर्ल्ड कप में संजू देवी को ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ चुना गया। उन्होंने फाइनल और सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
संजू देवी की सफलता आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनका मानना है कि खेल में सफलता पाने के लिए मानसिक मजबूती, अनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। सरकार ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने का भरोसा जताया है।

