CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, अब नागरिक खुद कर सकेंगे स्व-गणना
CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की प्रक्रिया के तहत एक नई पहल की शुरुआत की गई है। राज्य में 16 से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (Self-Census) की सुविधा शुरू हो गई है, जिसके माध्यम से अब नागरिक अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

ऑनलाइन खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी
सरकार ने नागरिकों के लिए एक पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई है, जहां जाकर वे अपनी व्यक्तिगत और आवास संबंधी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं। यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अधिकारियों ने भी किया स्व-गणना में हिस्सा
राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने भी इस प्रक्रिया में भाग लेते हुए स्वयं अपनी जानकारी दर्ज की। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है, स्व-गणना की अवधि 16 से 30 अप्रैल 2026 तक रहेगी। इसके बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक जनगणना टीम घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेगी।
घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी
जनगणना के दूसरे चरण में प्रगणक प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे और मकान, परिवार और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दर्ज करेंगे। हर मकान का विवरण इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
SE ID साझा करना जरूरी
जिन नागरिकों ने स्व-गणना के तहत पहले ही जानकारी दर्ज कर दी है, उन्हें प्रगणक के आने पर अपना SE ID साझा करना होगा, ताकि डेटा का सत्यापन किया जा सके, सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और सही जानकारी देकर जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो भी चिंता की बात नहीं है—टीम घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेगी।

