CG News: छत्तीसगढ़ में संस्कृति को नया मंच, चिन्हारी योजना से लोक कलाकारों को मिल रही पहचान और सम्मान
CG News: छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग द्वारा संचालित ‘चिन्हारी योजना’ राज्य की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती जा रही है।

कलाकारों का हो रहा पंजीयन
इस योजना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में लोक कलाकारों, शिल्पकारों, गायकों और नर्तकों की पहचान कर उनका पंजीयन किया जा रहा है, जिससे एक व्यापक सांस्कृतिक डेटाबेस तैयार हो रहा है, चयनित कलाकारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शन के अवसर मिल रहे हैं। साथ ही मेलों और सरकारी कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
नई पीढ़ी को मिल रहा प्रशिक्षण
योजना के तहत प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर युवा पीढ़ी को पारंपरिक कला से जोड़ा जा रहा है। गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से लोक कलाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, लोक नृत्य, लोकगीत और पारंपरिक शिल्प जैसी विलुप्त होती कलाओं को संरक्षित कर उन्हें पुनर्जीवित किया जा रहा है। साथ ही डिजिटल माध्यमों से इनका प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा
चिन्हारी योजना न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेज रही है, बल्कि लोक कला को पर्यटन से जोड़कर रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है, यह योजना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।
