CG News: मुख्यमंत्री साय ने जनगणना 2027 की ऑनलाइन स्व-गणना की शुरुआत की, नागरिकों से भागीदारी की अपील
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को प्रेरित किया।
16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन स्व-गणना
मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाई गई है।

विकास योजनाओं का आधार बनेगा डेटा
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश और राज्य की भविष्य की योजनाओं की दिशा तय करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
1 मई से घर-घर गणना का दूसरा चरण
1 मई 2026 से प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। इसमें पेयजल, बिजली, शौचालय, गैस, इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी विवरण शामिल रहेगा।
जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सही जनगणना डेटा से ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ का लक्ष्य मजबूत होगा। हर नागरिक से अपील की गई है कि वह इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जनगणना के नोडल अधिकारी, रायपुर कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

