CG News: छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए राहत, जल्द फिर शुरू होगा ‘रेल नीर’ प्लांट
CG News: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। गर्मी के मौसम में यात्रियों को फिर से ‘रेल नीर’ की सुविधा मिलने जा रही है। IRCTC बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित रेल नीर प्लांट को इसी महीने दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
फिर शुरू होगा उत्पादन
पिछले करीब डेढ़ साल से बंद पड़े इस प्लांट के शुरू होने से यात्रियों को मात्र 14 रुपये में शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। अब तक छत्तीसगढ़ के रेलवे स्टेशनों पर पानी की सप्लाई नागपुर स्थित रेल नीर प्लांट से की जा रही थी।

गर्मी में बढ़ी मांग से हुई परेशानी
नागपुर प्लांट की क्षमता प्रतिदिन लगभग 6,000 पेटी उत्पादन की है, लेकिन गर्मी के चलते वहां पानी की मांग बढ़ गई है। इसी कारण नागपुर प्लांट ने छत्तीसगढ़ को सप्लाई बंद करने की सूचना दी थी, ताकि अपने मंडल की जरूरतें पूरी की जा सकें।
स्थानीय प्लांट से मिलेगा फायदा
बिलासपुर प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन करीब 72 हजार बोतल है। इसके दोबारा शुरू होने से रायपुर, दुर्ग, रायगढ़ सहित छत्तीसगढ़ के कई स्टेशनों के साथ-साथ रांची, टाटानगर और धनबाद जैसे शहरों तक भी सस्ता और शुद्ध पानी उपलब्ध हो सकेगा।
निजी कंपनियों पर निर्भरता घटेगी
रेल नीर की आपूर्ति बाधित होने के बाद रेलवे ने यात्रियों के लिए निजी कंपनियों से पानी की सप्लाई शुरू की थी। इनमें किनले, शिवनाथ, शिवा, ओटू-ड्रॉप्स और ब्लू जैसी कंपनियां शामिल हैं। हालांकि रेलवे ने इन्हें रेल नीर की कीमत पर ही पानी बेचने के निर्देश दिए हैं, लेकिन व्यवहार में स्थिति अलग रही है।

