CG News: अंबेडकर जयंती पर समरसता भोज में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, बोले – “सभी नागरिकों को समान अधिकार”
CG News: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के शंकर नगर स्थित दुर्गा मैदान में आयोजित समरसता भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न समाजों के लोगों के साथ बैठकर भोजन किया और सामाजिक एकता का संदेश दिया, कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक और कई संगठन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

सीएम साय ने किया कार्यक्रम को संबोधित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता हैं, जिसने देश के 140 करोड़ नागरिकों को समान अधिकार और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर दिया, उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज में शिक्षा और समानता के अधिकार को मजबूत आधार दिया, विशेषकर नारी शिक्षा को उन्होंने अत्यधिक महत्व दिया।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
सीएम साय ने कहा कि ज्योतिबा फुले ने भी समाज में महिलाओं की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है, उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में “महतारी वंदन योजना” के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
राजनीतिक टिप्पणी भी की
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब को उनके जीवनकाल में वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया, यहां तक कि चुनाव में उन्हें हराने का प्रयास भी किया गया, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहब को सम्मान देते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके स्मारक व पंच तीर्थ स्थलों के विकास का कार्य किया।
