CG News: FAM ट्रिप से छत्तीसगढ़ टूरिज्म को मिलेगी नई पहचान, बस्तर, जशपुर और मैनपाट बने टूरिज्म हॉटस्पॉट
CG News: छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित फेम (FAM) ट्रिप के अंतर्गत देशभर से आए टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंट्स ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया, इस दौरान प्रतिनिधियों ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देखा और उसकी सराहना की.

चित्रकोट जलप्रपात का रोमांचक अनुभव
फेम ट्रिप के दौरान प्रतिनिधियों को चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण कराया गया, जिसे भारत का ‘नियाग्रा’ भी कहा जाता है, यहां उन्होंने न केवल अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया, बल्कि बोटिंग का रोमांचक अनुभव भी किया, साथ ही उन्होंने चित्रकोट स्थित प्राचीन शिव मंदिर के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति भी प्राप्त की.

बस्तर की लोक संस्कृति से परिचय
प्रतिनिधियों को बस्तर की जीवंत लोक संस्कृति से रूबरू कराने के लिए स्थानीय हाट-बाजारों का भ्रमण कराया गया, यहां उन्होंने पारंपरिक मुर्गा लड़ाई जैसे सांस्कृतिक आयोजनों को देखा और जनजातीय परंपराओं को समझा, जो बस्तर की पहचान हैं.
ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन
इस यात्रा के दौरान प्रतिनिधियों को बारसूर भी ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रसिद्ध बत्तीसा मंदिर और भगवान गणेश की प्राचीन मूर्तियों का अवलोकन किया, इन धरोहरों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को उजागर किया.

प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा
फेम ट्रिप के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात की, उन्होंने पर्यटन विकास, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर चर्चा की, अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
मैनपाट और जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता
यात्रा के अगले चरण में प्रतिनिधियों को मैनपाट के खूबसूरत स्थलों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने करमा एथेनिक रिजॉर्ट और सैला रिसोर्ट का दौरा कर शांत वातावरण का अनुभव किया, इसके अलावा जशपुर में कुनकुरी गिरजाघर, राजपुरी जलप्रपात और महुआ होमस्टे जैसे आकर्षक स्थलों से भी परिचित कराया गया, जिससे इको-टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाएं सामने आईं.
13 से 18 मार्च तक आयोजन
यह फेम ट्रिप 13 मार्च से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 28 टूर ऑपरेटर और ट्रैवल एजेंट्स शामिल हैं, इन्हें दो समूहों में विभाजित कर राज्य के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है, इस पहल का उद्देश्य टूर ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं से सीधे जोड़ना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राज्य को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा दे सकें.
सरकार और पर्यटन बोर्ड के प्रयास
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड लगातार राज्य के पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रहा है, बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य के नेतृत्व में कई नवाचार किए जा रहे हैं, फेम ट्रिप का समापन 18 मार्च को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के साथ होगा, जहां प्रतिनिधियों को राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी, इस पहल से उम्मीद है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी.



