CG News: राजधानी को मिली बड़ी सौगात, ‘खारून रिवर फ्रंट’ परियोजना को मिली ₹84.15 करोड़ की बड़ी मंजूरी
CG News: राजधानी रायपुर के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है, जहां ‘मां खारून नदी’ के तट को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना को अब मंजूरी मिल गई है, रायपुर पश्चिम के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने ‘खारून रिवर फ्रंट’ परियोजना के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए ₹84,15,82,000 की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे शहर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
![]()
नेतृत्व के प्रति जताया आभार
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधायक राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रायपुर की जनता की लंबे समय से जुड़ी भावनाओं का सम्मान हुआ है और अब यह परियोजना पूरी पारदर्शिता और तेज गति के साथ जमीन पर उतरेगी.
प्रोजेक्ट की मुख्य शर्तें और तकनीकी रूपरेखा
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस परियोजना को उच्च तकनीकी मानकों के साथ पूरा किया जाएगा, सक्षम अधिकारियों से तकनीकी स्वीकृति (T.S.) मिलने के बाद ही पारदर्शी निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी, साथ ही, प्रोजेक्ट की ड्राइंग और डिजाइन का सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा ताकि यह आधुनिक और आकर्षक बने, निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पहले ही 90 प्रतिशत भूमि को अवरोध मुक्त सुनिश्चित किया जा चुका है, जिससे कार्य में तेजी आने की संभावना है.
रिवर फ्रंट से होने वाले बहुआयामी लाभ
यह परियोजना केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि रायपुर के समग्र विकास का आधार बनेगी, ‘मां खारून’ के तट पर व्यवस्थित घाटों का निर्माण होने से श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, इसके साथ ही आधुनिक लाइटिंग, हरित उद्यान और वॉकिंग ट्रैक इसे नागरिकों के लिए आकर्षक पर्यटन और स्वास्थ्य केंद्र बनाएंगे, तटबंधों के निर्माण से मिट्टी के कटाव को रोका जा सकेगा और नदी को प्रदूषण मुक्त रखने में सहायता मिलेगी, इसके अलावा, इस परियोजना से स्थानीय युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
समय सीमा और निगरानी
विधायक राजेश मूणत ने आश्वासन दिया है कि वे स्वयं इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति की निगरानी करेंगे, लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूर्ण कर रायपुर की जनता को एक भव्य और आधुनिक रिवर फ्रंट के रूप में समर्पित किया जाए.




