CG News: आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी होगी दूर, सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू
CG News: छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. लोक शिक्षण संचालनालय ने ई संवर्ग, टी संवर्ग और दिव्यांग वर्ग के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं. इस भर्ती के तहत कुल 5860 पदों को भरा जाएगा, जिसमें 5494 पद सहायक शिक्षक ई और टी संवर्ग के हैं.
विशेष पिछड़ी जनजातियों को मिलेगी छूट
इस भर्ती में विशेष पिछड़ी जनजातियों के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी गई है. ऐसे उम्मीदवारों को नियुक्ति के समय डीएलएड और टीईटी की अनिवार्यता से छूट दी जाएगी. भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023 में जारी विज्ञापन के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है. जिला संवर्ग के खाली पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे.
शैक्षणिक योग्यता रखी गई जरूरी
सहायक शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थियों का हायर सेकंडरी परीक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी होगा. इसके साथ डीएलएड, डीएड या बीएलएड और प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा पास होना अनिवार्य रहेगा. हालांकि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पहले से जारी नियमों के अनुसार छूट का लाभ मिलता रहेगा.
व्यापम कराएगा चयन परीक्षा
सहायक शिक्षक भर्ती के लिए चयन परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापम द्वारा किया जाएगा. अभ्यर्थी व्यापम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की तारीख और परीक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी विभाग की ओर से अलग से जारी की जाएगी.
इन जिलों में होगी शिक्षकों की नियुक्ति
भर्ती के माध्यम से प्रदेश के आदिवासी और अनुसूचित क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी. इसमें बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर सहित सरगुजा संभाग के कई जिले शामिल हैं. नई नियुक्तियों से दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.



