CG News: गैस की कतारों पर डिप्टी CM अरुण साव का बयान, “देश में गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें”
CG News: राज्य में गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारों को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह स्थिति वैश्विक परिस्थितियों और फैली अफवाहों के कारण बनी है, उन्होंने लोगों से अपील की है कि, घबराने की जरूरत नहीं है, देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है.

अफवाहों से बचने की अपील
शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, लोग धैर्य रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें, सरकार गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रही है और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी वहां कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

अफीम की खेती को लेकर कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव और अफीम की खेती के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि, प्रदेश में अफीम की खेती की शुरुआत कांग्रेस सरकार के समय में हुई थी, उन्होंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस शासनकाल में नशे का कारोबार बढ़ा, जिसके परिणाम आज सामने आ रहे हैं.
पूरे प्रदेश में होगा सर्वे
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि, मुख्यमंत्री ने पूरे राज्य में इस मामले को लेकर सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां कठोर कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को इस मुद्दे पर राजनीति करने से बचना चाहिए.
आज से शुरू होगी गौधाम योजना
प्रदेश में गौधाम योजना की शुरुआत को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी, उन्होंने कहा कि, कांग्रेस सरकार की गौठान योजना केवल जनता के पैसे की बर्बादी थी, हमारी सरकार गौ माता की सेवा के उद्देश्य से गौधाम योजना शुरू कर रही है, अरुण साव ने बताया कि, राज्य में कुल 1460 गौधाम बनाए जाएंगे, जिनमें से 26 गौधाम को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है, इन गौधामों में चरवाहों के लिए मानदेय, पशुओं के लिए चारा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी.




