CG News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: छत्तीसगढ़ की महिलाएं बना रही हैं नई पहचान, शासन की योजनाओं से मिला आर्थिक सशक्तिकरण
CG News: छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण की प्रेरक तस्वीर सामने आ रही है। बिहान मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

सरगुजा जिले में महिला सशक्तिकरण का मॉडल
सरगुजा जिले में 650 से अधिक महिलाएं सेंट्रिंग प्लेट व्यवसाय में सक्रिय हैं और 1000 से अधिक सेटों का संचालन कर रही हैं। 271 महिलाएं ईंट निर्माण और कई महिलाएं सीमेंट-छड़ व्यवसाय से जुड़ी हैं। जिले की 319 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रही हैं।

धमतरी में महतारी वंदन महिला सम्मान उत्सव
धमतरी जिले में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “महतारी वंदन महिला सम्मान उत्सव” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर से धमतरी की महिलाओं के साथ द्विमार्गीय संवाद करेंगे।
रायगढ़ जिले की प्रेरक कहानी
धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम तालगांव की श्रीमती गायत्री यादव बिहान योजना से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति सशक्त करने के साथ आठ पंचायतों की महिलाओं को स्व-सहायता समूह और आजीविका गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
बालोद जिले में महतारी सदन का योगदान
बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के ग्राम कर्रेझर में स्थापित महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सशक्तिकरण का केंद्र बन गया है। यहां महिलाएं संगठित होकर बैठक, प्रशिक्षण, भंडारण और विक्रय जैसी सुविधाओं का लाभ उठा रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
महिला सशक्तिकरण में सकारात्मक बदलाव
प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं की ये उपलब्धियां दर्शाती हैं कि शासन की योजनाओं और महिलाओं की मेहनत से छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक बदलाव आया है। महिलाएं अब विकास की मुख्य धारा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।




