CG News: जापान से छत्तीसगढ़ पहुंचे 17 छात्र, CM साय से संवाद, रिसर्च और स्टार्टअप पर हुई चर्चा
CG News: भारत और जापान के बीच शैक्षणिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ में अहम पहल हुई. जापान की एहिमे यूनिवर्सिटी से भारत-जापान इंटर एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत पहुंचे 17 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया और दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों पर चर्चा की.

प्राचीन विरासत से आधुनिक तकनीक तक संवाद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत और जापान के रिश्तों की नींव दोनों देशों की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी है. अब इन संबंधों का विस्तार शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, नवाचार और आर्थिक सहयोग तक हो रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी देते हुए सिरपुर, मैनपाट और भोंगापाल जैसे स्थानों का उल्लेख किया. उन्होंने सिरपुर को प्रदेश की प्राचीन सभ्यता, बौद्ध विरासत और स्थापत्य का महत्वपूर्ण केंद्र बताया.

जापान की कार्यसंस्कृति से प्रभावित हैं CM साय
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ अपनी जापान यात्रा के अनुभव भी साझा किए. उन्होंने जापान की अनुशासित कार्यशैली, तकनीकी उपलब्धियों और अपनी परंपराओं को सहेजकर रखने की भावना की सराहना की. CM साय ने कहा कि भारत भी अपनी हजारों साल पुरानी संस्कृति को बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दोनों देशों के युवाओं के बीच ऐसे संवाद को भविष्य के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण बताया.

NIT रायपुर के स्टार्टअप ने खींचा ध्यान
छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान जापानी विद्यार्थियों ने NIT रायपुर के रिसर्च और इन्क्यूबेशन सेंटर का दौरा किया. यहां उन्होंने स्टार्टअप, रिसर्च प्रोजेक्ट और नई तकनीकों से जुड़ी गतिविधियों को समझा. आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के तकनीकी समाधान तैयार करने वाले स्टार्टअप ने विद्यार्थियों का खास ध्यान खींचा. प्रतिनिधिमंडल ने टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, रिसर्च और इनोवेशन में भविष्य के सहयोग की संभावनाओं में भी रुचि दिखाई.
सिरपुर की विरासत भी देखेंगे जापानी छात्र
एहिमे यूनिवर्सिटी का 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय शैक्षणिक और सांस्कृतिक दौरे पर छत्तीसगढ़ आया है. NIT रायपुर की गतिविधियों के बाद विद्यार्थियों के कार्यक्रम में ऐतिहासिक स्थल सिरपुर का भ्रमण भी शामिल है. यहां वे प्रदेश की बौद्ध विरासत, प्राचीन स्थापत्य और सांस्कृतिक इतिहास को करीब से समझेंगे. मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई कि ऐसे एक्सचेंज कार्यक्रम भारत और जापान के युवाओं को जोड़ने के साथ भविष्य में संयुक्त रिसर्च, स्टार्टअप और तकनीकी सहयोग के नए रास्ते खोलेंगे.

One Response