CG News: किरंदुल-विशाखापट्टनम ट्रेन में बढ़ी सुविधा, विस्टाडोम कोच से दिखेगी अरकू की वादियां
CG News: यात्रियों के सफर को और खास बनाने के लिए रेलवे ने किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर में अतिरिक्त विस्टाडोम कोच जोड़ा है. साउथ कोस्ट रेलवे की इस सुविधा से यात्रियों को सफर के दौरान अरकू घाटी समेत रास्ते में आने वाले पहाड़, जंगल और प्राकृतिक दृश्य करीब से देखने का मौका मिलेगा. मानसून के मौसम में यह सफर और भी आकर्षक होने वाला है.

तय अवधि के लिए मिलेगी सुविधा
विशाखापट्टनम से किरंदुल जाने वाली पैसेंजर में अतिरिक्त विस्टाडोम कोच की सुविधा शुरू हो चुकी है. यह सुविधा एक दिन के अंतराल पर 29 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी. वहीं, किरंदुल से विशाखापट्टनम जाने वाली ट्रेन में 14 सितंबर से यह सुविधा शुरू की गई है, जो एक दिन के अंतराल पर 28 सितंबर तक जारी रहेगी.
बारिश में बदलेगा सफर का नजारा
मानसून के दौरान इस रेल रूट पर हरियाली और पहाड़ी इलाकों का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. अरकू घाटी के साथ पूरे रास्ते में घने जंगल, पहाड़ और प्राकृतिक दृश्य यात्रियों को आकर्षित करेंगे. विस्टाडोम कोच की वजह से सफर के दौरान इन नजारों को सामान्य कोच की तुलना में ज्यादा बेहतर तरीके से देखा जा सकेगा.
कांच की छत और बड़ी खिड़कियां खास आकर्षण का केंद्र
विस्टाडोम कोच को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्री यात्रा के दौरान प्राकृतिक सुंदरता का खुलकर आनंद ले सकें. कोच में कांच की छत, बड़ी पारदर्शी खिड़कियां और घूमने वाली सीटें जैसी सुविधाएं दी गई हैं. इससे यात्री अपनी सीट से ही आसपास के पहाड़ों, घाटियों और जंगलों के शानदार दृश्य देख सकेंगे.
1300 रुपए रखा गया किराया
रेलवे ने अतिरिक्त विस्टाडोम कोच का किराया 1300 रुपए निर्धारित किया है. जगदलपुर से विशाखापट्टनम जाने वाली ट्रेन के सुबह 9:50 बजे रवाना होने की जानकारी दी गई है, जबकि वापसी की यात्रा दूसरे दिन सुबह 7 बजे है. बारिश के मौसम में अरकू घाटी और पूरे रेल मार्ग की खूबसूरती देखने के लिए विस्टाडोम कोच यात्रियों के लिए खास आकर्षण बन सकता है.

One Response