CG News: मुख्यमंत्री ने नव चयनित खनि निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, जिम्मेदारी से काम करने का संदेश
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से चयनित खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा कि राज्य खनिज संपदा से समृद्ध है और नई नियुक्तियों से खनिज प्रशासन मजबूत होगा। अधिकारियों को पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा दी गई।
खनिज संपदा से समृद्ध राज्य में बढ़ेगी प्रशासनिक मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सबसे समृद्ध खनिज राज्यों में से एक है। लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, डायमंड, गोल्ड और लिथियम जैसे खनिज यहां उपलब्ध हैं। नई नियुक्तियों से खनिज विभाग का मैदानी अमला मजबूत होगा और खनन गतिविधियों को गति मिलेगी।
युवाओं पर भविष्य की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने नव चयनित खनि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने अधिकारियों को खनिज राजस्व बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
30 अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
उल्लेखनीय है कि आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, खनिज साधन विभाग के सचिव पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




