CG News: छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज
CG News: मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुभारंभ करेंगे। मनोज तिवारी, कनिका कपूर सहित कई कलाकार प्रस्तुति देंगे। एडवेंचर गेम्स, फूड ज़ोन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण रहेंगे। स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।
13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव का आगाज
छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। रोपाखार जलाशय के पास तैयार किए गए भव्य मंच पर यह सांस्कृतिक आयोजन 15 फरवरी तक चलेगा। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने तैयारियों का निरीक्षण किया है।
नामी कलाकारों की प्रस्तुति से सजेगी शाम
महोत्सव में लोक और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा। पहले दिन भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य आकर्षण होंगे। दूसरे दिन अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार प्रस्तुति देंगी। समापन दिवस पर बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर मुख्य आकर्षण रहेंगी। साथ ही ज्योतिश्री वैष्णव और आयुष नामदेव भी मंच सजाएंगे।
मेला और स्थानीय संस्कृति का संगम
महोत्सव में बोटिंग, साहसिक खेल, दंगल, झूले और भव्य मेले का आयोजन होगा। फूड ज़ोन में सरगुजा के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। 3,781 फीट ऊंचाई पर स्थित मैनपाट अपने बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट और जलजली जैसे पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। जिला प्रशासन ने स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों को भी मंच देकर क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की पहल की है।


