CG News: केंद्रीय बजट 2026 पर छत्तीसगढ़ के नेताओं की प्रतिक्रिया, स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट को बताया ऐतिहासिक
CG News: संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने केंद्रीय बजट 2026 को चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक करार दिया है, उन्होंने कहा कि, यह बजट देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत, आधुनिक और आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए दूरदर्शी निर्णय
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने केंद्र सरकार के फैसलों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया, उन्होंने बताया कि, बजट में औषधि प्रशिक्षण शालाओं की स्थापना से दवा निर्माण की गुणवत्ता सुधरेगी और स्वास्थ्य क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे, वहीं, आयुष सेक्टर को मजबूती देते हुए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना का निर्णय लिया गया है, जिससे पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक पहचान मिलेगी.

मेडिकल टूरिज्म और केयर इकोसिस्टम पर फोकस
बजट में केयर इकोसिस्टम को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया है, भारत को मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से पांच रीजनल मेडिकल टूरिज्म हब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है, इससे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और रोजगार व निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे.
बायोफार्मा और औषधि परीक्षण को बढ़ावा
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि, औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को अपग्रेड किया जाएगा और बायोफार्मा सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया गया है, बायोफार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित होने से गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी और देश आत्मनिर्भर बनेगा.
जिला अस्पतालों की क्षमता होगी मजबूत
केंद्रीय बजट में जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का फैसला लिया गया है, सभी जिलों में आपातकालीन और ट्रॉमा सेंटर खोले जाएंगे, इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे आम लोगों को बेहतर इलाज मिल सके.
दुर्लभ बीमारियों की दवाएं होंगी सस्ती
बजट के तहत कैंसर की 17 दवाएं, शुगर और गंभीर रोगों की दवाएं तथा 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाएं सस्ती की गई हैं, इससे मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
कैपेक्स बढ़ा, विकास को मिलेगी गति: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने वित्त मंत्री द्वारा 9वीं बार बजट पेश किए जाने को ऐतिहासिक बताया, उन्होंने कहा कि, बजट में कैपेक्स को 11 लाख करोड़ से बढ़ाकर 12 लाख करोड़ किया गया है, जिससे अधोसंरचना और विकास को नई गति मिलेगी, उन्होंने कहा कि, इस बजट से छत्तीसगढ़ को भी मजबूती मिलेगी.
विकसित भारत 2047 की दिशा में बजट: धरमलाल कौशिश
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिश ने कहा कि, यह बजट विकसित भारत 2047 की तैयारी के अनुरूप है, इसमें युवा, किसान, महिला और श्रमिक सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है, उनके अनुसार, यह बजट देश के विकास में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला साबित होगा और आने वाले समय में आम लोगों के जीवन पर इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा.




