CG News: अबूझमाड़ में शांति और विकास की नई पहल की शुरुआत, CM साय ने किया पीस हाफ मैराथन का शुभारंभ
CG News: दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित पीस हाफ मैराथन का शुभारंभ किया, उन्होंने इस दौरान सामाजिक, खेल और पर्यटन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की, मुख्यमंत्री ने शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन और स्थानीय सहभागिता को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की पहल का अवलोकन किया और लोगों के साथ संवाद कर विश्वास को मजबूत किया.

बाइकर्स को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री साय ने शांत सरोवर के पास छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, यह बाइकर्स समूह नारायणपुर के कच्चापाल तक यात्रा करेगा, इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और शांति का संदेश लोगों तक पहुँचाना है.

शांत सरोवर में नौका विहार
बिजली गाँव के पास स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री साय ने वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद महेश कश्यप और लघु वनोपज अध्यक्ष रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार का आनंद लिया, यह पहल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है.
तीर-धनुष से बढ़ाया खेलों का उत्साह
बिंजली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने तीरंदाजी के स्थानीय युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और स्वयं तीर-धनुष उठाकर लक्ष्य साधा, उन्होंने कहा कि, बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और आदिवासी समाज की पारंपरिक दक्षताओं को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का काम जारी है.
शांति, विकास और विश्वास के लिए समन्वित प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन और खेलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.



