CG News: कुम्भकार समाज के महाअधिवेशन का भव्य शुभारंभ, सीएम साय ने की 30 लाख की घोषणा
CG News: छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के दो दिवसीय राज्य स्तरीय महाअधिवेशन का शुभारंभ आज नवागांव, अभनपुर में भव्य रूप से हुआ, कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया, इस अवसर पर समाज की पारंपरिक कला, संस्कृति और एकता का सजीव प्रदर्शन देखने को मिला.
सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने कुम्भकार समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु 30 लाख रुपये की घोषणा की, उन्होंने कहा कि, समाज के सामूहिक प्रयासों से ही विकास और सशक्तिकरण संभव है.

पारंपरिक प्रतीक भेंट कर किया गया स्वागत
कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री को कुम्भकार समाज की पहचान माने जाने वाले चाक पर कुम्हार की आकृति का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया, जो कुम्भकारी कला, श्रम और परंपरा का प्रतीक है.
युवक-युवती परिचय सम्मेलन को बताया सशक्त मंच
मुख्यमंत्री साय ने महाअधिवेशन के अंतर्गत आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना की, उन्होंने कहा कि, यह सम्मेलन समाज के युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी चुनने का अवसर प्रदान करता है और सामाजिक एकता को मजबूत करता है.
![]()
शिक्षा और विकास पर दिया विशेष संदेश
मुख्यमंत्री ने समाजजनों से अपील की कि, वे अपने समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ें, उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार नहीं, बल्कि संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक बनने का माध्यम है, उन्होंने छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि, राज्य ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है.
सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री साय ने धान खरीदी, किसान बोनस, महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना और बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी, उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार ने दो वर्षों में प्रधानमंत्री की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है.
युवाओं और उद्योगों के लिए नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने नई उद्योग नीति की सराहना करते हुए बताया कि, प्रदेश को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, कार्यक्रम में समाज के युवाओं कुमारी अंकिता प्रजापति और श्री दुर्गेश चक्रधारी ने मुख्यमंत्री साय को उनकी पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया.
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
महाअधिवेशन में विधायक इंद्रकुमार साहू, छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चक्रधारी सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे.




