CG News: बालोद के गांव से निकली तस्वीर बनी राष्ट्रीय पहचान, वीबीजी राम जी योजना को मिला देशव्यापी समर्थन
CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की भेजा मैदानी ग्राम पंचायत से सामने आई एक तस्वीर इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नए स्वरूप ‘विकसित भारत – जी राम जी (वीबीजी राम जी) योजना’ के समर्थन में गांव के श्रमिकों द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला ने राष्ट्रीय स्तर पर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है.
282 श्रमिकों की मानव श्रृंखला बनी संदेश
भेजा मैदानी ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत कार्यरत 282 श्रमिकों ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई और वीबीजी राम जी योजना के प्रति अपना समर्थन प्रकट किया, श्रमिकों की इस सामूहिक भागीदारी ने यह दिखा दिया कि, अब गांव स्तर पर भी विकास योजनाओं को लेकर जागरूकता और सहभागिता मजबूत हो चुकी है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
मानव श्रृंखला की यह तस्वीर जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आई, वैसे ही यह तेजी से वायरल हो गई, देखते ही देखते यह तस्वीर राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गई और कई केंद्रीय मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने इसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया.
केंद्रीय मंत्रियों ने की खुलकर सराहना
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस तस्वीर को साझा करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया, उन्होंने लिखा कि, छत्तीसगढ़ की भेजा मैदानी ग्राम पंचायत से आई यह तस्वीर विकसित भारत – जी राम जी के संकल्प को साकार करती है, उन्होंने कहा कि, यह योजना गरीबी मुक्त, रोजगार युक्त और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है.
पीयूष गोयल ने बताया प्रेरक उदाहरण
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी मानव श्रृंखला का वीडियो साझा करते हुए कहा कि, बालोद जिले के श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत यह दृश्य वीबीजी राम जी योजना के समर्थन की एक सुंदर और प्रेरक मिसाल है, जो पूरे देश को प्रेरित करती है.
राज्य स्तर पर तेज हुई प्रशासनिक तैयारी
वीबीजी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्य प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक ने कहा कि, यह योजना ग्रामीण सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, उन्होंने बताया कि, छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में योजना को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
क्यूआर कोड से मिल रही योजना की पूरी जानकारी
ग्रामीणों तक योजना की जानकारी सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं, ग्रामीण इन क्यूआर कोड को स्कैन कर योजना के उद्देश्य, लाभ और कार्यप्रणाली से जुड़ी विस्तृत जानकारी आसानी से प्राप्त कर रहे हैं.
मनरेगा आयुक्त का बयान
मनरेगा आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि, वीबीजी राम जी योजना एक बहुआयामी और दीर्घकालिक प्रभाव वाली पहल है, इसके माध्यम से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन होगा, बल्कि स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित किया जाएगा.
क्या है वीबीजी राम जी योजना?
विकसित भारत – जी राम जी (वीबीजी राम जी) योजना, मनरेगा का नया और उन्नत स्वरूप है, इसका उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांवों को गरीबी मुक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है, इस योजना के तहत मनरेगा कार्यों को गांवों की वास्तविक जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और दीर्घकालिक विकास से जोड़ा जा रहा है.
गांव से देश तक विकास का संदेश
बालोद जिले की भेजा मैदानी ग्राम पंचायत से निकली यह तस्वीर इस बात का प्रतीक बन गई है कि, जब योजनाएं सही दिशा में और जनभागीदारी के साथ लागू होती हैं, तो उनका संदेश गांव से निकलकर पूरे देश तक पहुंचता है.




