CG News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
CG News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर अंबिकापुर पहुंचेंगी। वे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर प्रदेश के जनजातीय समुदायों के साथ उनका संवाद और सहभागिता कार्यक्रम की विशेष आकर्षण होगी।
राष्ट्रपति करेंगी योजनाओं का उद्घाटन
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति अपने प्रदेश प्रवास के दौरान वैद्यों-देवस्थलों से जुड़ी दो योजनाओं का उद्घाटन भी कर सकती हैं।
-
पहली योजना परंपरागत उपचार करने वाले वैद्यों के लिए है। मुख्यमंत्री वैद्यराज सम्मान निधि के तहत ऐसे वैद्य हर साल ₹5,000 विभाग के माध्यम से सीधे बैंक खाते में (DBT) प्राप्त करेंगे।
-
वैद्य का चयन तीन स्तरों पर किया जाएगा। इस अवसर पर 50 वैद्य कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिनमें से 5-10 वैद्य मंच पर राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाएंगे।
उत्तर क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव
प्रदेश में पहली बार उत्तर क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत ग्राम स्तर से हुई, इसके बाद जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को क्रमशः ₹50,000, ₹25,000 और ₹15,000 दिए गए।
अब 19 नवंबर को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में:
-
प्रथम विजेता को ₹2 लाख
-
द्वितीय विजेता को ₹1 लाख
-
तृतीय विजेता को ₹50,000
राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
दो दिवसीय कार्यक्रम
19 और 20 नवंबर को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
परंपराओं की समृद्ध झलक
राष्ट्रपति प्रवास के दौरान आयोजन में प्रदेश के गौरव और जनजातीय परंपराओं की समृद्ध झलक प्रस्तुत की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन में विशेष रूप से जनजातीय नृत्य, लोककला, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को प्रमुख स्थान दिया जाएगा।
तैयारी मंत्री नेताम की निगरानी में
कार्यक्रम की तैयारियों की शुरुआत नवंबर महीने की शुरुआत में हुई। 3 नवंबर को नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में पहली बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



