CG News: ठंड बढ़ते ही आग तापने में दो दर्दनाक मौतें
CG News: उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने के साथ आग तापते समय दुर्घटनाओं से दो महिलाओं की मौत हो गई। मैनपाट में 65 वर्षीय महिला चूल्हे में गिरकर झुलसी और इलाज में देरी से उसकी जान चली गई। वहीं सूरजपुर में 35 वर्षीय महिला हीटर से झुलसकर उपचार के दौरान मौत का शिकार हो गई।
आग तापते दो लोगों की मौत
उत्तरी छत्तीसगढ़ में बढ़ती ठंड के बीच आग तापते समय हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना सरगुजा के मैनपाट क्षेत्र के सुपलगा में हुई, जहां 65 वर्षीय परमेश्वरी नायक चूल्हे में गिरकर बुरी तरह जल गईं। घटना 31 अक्टूबर की है। पति ने उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय 14 दिनों तक घर पर जड़ी-बूटी से इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ती गई। 15 नवंबर को उन्हें कमलेश्वरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर होकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुईं और वहीं उनकी मौत हो गई।
सूरजपुर में हीटर से लगी आग
दूसरी घटना सूरजपुर जिले के जोबगा गांव में हुई। 35 वर्षीय लीला बरवा घर में हीटर जलाकर आग ताप रही थीं, जबकि उनका पति धान बेचने बाहर गया था। पति जब देर रात लौटा, तो लीला गंभीर रूप से जल चुकी थीं। सूरजपुर अस्पताल से रेफर होने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां 15 नवंबर की रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
सावधानी की जरूरत
लगातार तापमान गिरने के साथ ऐसे हादसों की संख्या बढ़ रही है। प्रशासन ने लोगों से आग या हीटर का उपयोग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।




