CG News : राष्ट्रपति द्वारा 41 हस्तियों का राज्य अलंकरण सम्मान
CG News : छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव 2025 का समापन नवा रायपुर में होने वाले राज्य अलंकरण समारोह से होगा। इस वर्ष 41 प्रतिभाशाली लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक चेतना के लिए सम्मान
इस बार शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान महासमुंद जिले के दिनेश सिन्हा को दिया जाएगा, जिन्होंने आदिवासी चेतना और समाज उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं, यति यतनलाल सम्मान बस्तर के भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ रक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया जाएगा।
खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुंडाधूर सम्मान रायपुर की रेवती साहू को मिलेगा। महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में भिलेश्वरी साहू को मिनीमाता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार रायपुर की कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, करमा को मिलेगा |
साहित्य और भाषा के क्षेत्र में सम्मान
सामाजिक चेतना के लिए गुरु घासीदास सम्मान पुनऊराम जांगड़े और डॉ. शिवनारायण मण्डले को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। उर्दू भाषा सेवा के लिए हाजी हसन अली सम्मान चांदनी साहू को मिलेगा। साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान विनोद कुमार वर्मा को दिया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में सम्मान
चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार डॉ. संदीप कुमार तिवारी (Raipur) को,इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) के लिए डॉ. राजेश कुमार वर्मा, और प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए अभिषेक शुक्ला को दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ गौरव का उत्सव
राज्योत्सव के अंतिम दिन राज्य सरकार उन हस्तियों को सम्मानित कर रही है, जिन्होंने अपने कार्यों से प्रदेश को नई पहचान दी है। ये सभी पुरस्कार न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान हैं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और जनभावनाओं का उत्सव भी हैं।



