CG News: सरकारी योजनाओं में फर्जी हितग्राहियों की होगी पहचान, ई-केवाईसी से खुलेगी अपात्र लाभार्थियों की पोल
CG News: सरकारी मुफ्त और सब्सिडी योजनाओं पर खर्च होने वाली बड़ी राशि के बीच अब अपात्र और फर्जी हितग्राहियों की पहचान करने की तैयारी शुरू हो गई है. सरकार का करीब 40 फीसदी पैसा मुफ्त और सब्सिडी वाली योजनाओं पर खर्च हो रहा है. ऐसे में इन योजनाओं का लाभ लेने वाले वास्तविक हितग्राहियों की संख्या पता लगाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. इसके तहत सभी विभागों से योजनाओं के लाभार्थियों का विस्तृत ब्योरा मांगा गया है, ताकि पात्र लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के साथ फर्जी नामों की भी पहचान की जा सके.
फर्जी और अपात्र लोगों का देना होगा हिसाब
वित्त विभाग ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि वे अपनी हितग्राही मूलक योजनाओं की ई-केवाईसी से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं. विभागों को बताना होगा कि कितने लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, कितने अभी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं और कितने अपात्र पाए गए हैं. इसके अलावा ई-केवाईसी के दौरान सामने आए फर्जी हितग्राहियों की संख्या भी अलग से बतानी होगी. वित्त विभाग ने वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट प्रस्ताव तैयार करने के लिए यह जानकारी निर्धारित प्रारूप में मांगी है.
अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज होंगे आंकड़े
वित्त विभाग ने अपने निर्धारित प्रारूप में लाभार्थियों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए अलग-अलग कॉलम तैयार किए हैं. इसमें कुल हितग्राहियों की संख्या के साथ ई-केवाईसी पूरा कराने वाले, लंबित मामलों, अपात्र लाभार्थियों और फर्जी पाए गए नामों का अलग-अलग विवरण देना होगा. इससे प्रत्येक योजना में वास्तविक लाभार्थियों और संदिग्ध नामों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. हालांकि, अभी तक फर्जी और अपात्र हितग्राहियों की वास्तविक संख्या सामने नहीं आई है. संबंधित विभागों से जानकारी मिलने के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा.
योजनाओं पर खर्च का भी देना होगा पूरा ब्योरा
सरकार ने विभागों से केवल लाभार्थियों की संख्या ही नहीं, बल्कि योजनाओं पर होने वाले खर्च का भी पूरा हिसाब मांगा है. प्रत्येक योजना में कितने लोगों को सहायता दी जा रही है, प्रति हितग्राही कितनी राशि निर्धारित है और सालभर में सरकार का कुल कितना पैसा खर्च हो रहा है, इसकी जानकारी देनी होगी. इसके साथ ही विभागों को यह भी बताना होगा कि योजना की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है या नहीं. जिन योजनाओं में डीबीटी लागू नहीं है, उनके पीछे का कारण भी स्पष्ट करना होगा.
10 दिसंबर तक देना होगा पूरा विवरण
वित्त विभाग ने वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट प्रस्तावों के साथ सभी विभागों को 10 दिसंबर 2026 से पहले निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुतीकरण यानी पीपीटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. बजट तैयार करने की प्रक्रिया में विभागों की मौजूदा योजनाओं, उनके खर्च और प्रस्तावित नई मदों की समीक्षा भी की जाएगी. इस पूरी कवायद के जरिए सरकार हितग्राही मूलक योजनाओं पर होने वाले खर्च और वास्तविक लाभार्थियों की संख्या का आकलन करना चाहती है. साथ ही फर्जी और अपात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति सामने आने पर सरकारी धन के इस्तेमाल की समीक्षा का रास्ता भी साफ होगा.

One Response