Mahtari Shakti Loan Yojana: छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मिलेगा 25 हजार रुपये तक का ऋण, जानें पात्रता और आवेदन की पूरी प्रक्रिया
Mahtari Shakti Loan Yojana: छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए महतारी शक्ति ऋण योजना संचालित की जा रही है. इस योजना के जरिए पात्र महिलाओं को बिना किसी संपत्ति या तीसरे व्यक्ति की गारंटी के 10 हजार से 25 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है. इस आर्थिक सहायता से महिलाएं अपना नया व्यवसाय शुरू कर सकती हैं या पहले से संचालित कारोबार को विस्तार दे सकती हैं.

बिना गारंटी मिलेगा लोन
अक्सर आर्थिक संसाधनों की कमी और बैंक गारंटी उपलब्ध नहीं होने के कारण महिलाएं खुद का काम शुरू करने का सपना पूरा नहीं कर पाती हैं. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस योजना में बिना कोलैटरल सिक्योरिटी के ऋण देने की व्यवस्था की गई है. महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, किराना दुकान, डेयरी सहित अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार दूसरे छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर सकती हैं.

कौन होंगी पात्र?
इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है. आवेदिका की उम्र 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और उसका किसी बैंक में डिफॉल्टर होना नहीं चाहिए. योजना में महतारी वंदन योजना की पात्र हितग्राहियों और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने का उल्लेख है, महतारी शक्ति ऋण योजना के अंतर्गत महिलाओं को न्यूनतम 10 हजार और अधिकतम 25 हजार रुपये तक का एकमुश्त ऋण देने का प्रावधान बताया गया है. इस ऋण पर 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर लागू होगी. वहीं, प्राप्त राशि को चुकाने के लिए 48 महीने यानी चार साल की अवधि निर्धारित की गई है, जिसमें महिलाएं मासिक किस्तों के माध्यम से भुगतान कर सकेंगी.

महतारी वंदन से जुड़ी अहम शर्त
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ विशेष शर्तें भी निर्धारित की गई हैं. इसके अनुसार, महिला को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही होनी चाहिए. साथ ही उसका बैंक खाता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक यानी CRGB में होना जरूरी है. महिला चाहे तो महतारी वंदन योजना से मिलने वाली मासिक राशि में से ऋण की किस्त कटवाने का विकल्प भी चुन सकती है.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना के तहत ऋण प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड, छत्तीसगढ़ का निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की प्रति और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके अलावा, आवेदिका को प्रस्तावित व्यवसाय की जानकारी भी देनी होगी. इच्छुक महिलाएं अपने नजदीकी छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक या संबंधित अधिकृत बैंक शाखा में संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं. बैंक द्वारा दस्तावेजों और व्यवसाय की व्यवहार्यता की जांच के बाद ऋण स्वीकृत किया जाएगा और मंजूरी मिलने पर राशि महिला के खाते में जारी कर दी जाएगी.

One Response