CG News: मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- समाज की एकजुटता से ही होगा उन्मूलन
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मानव तस्करी और घरेलू हिंसा को सभ्य समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इनके खिलाफ सामूहिक प्रयास करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन इन सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने की जिम्मेदारी केवल शासन-प्रशासन की नहीं है. इसके लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आगे आना होगा.

राज्य स्तरीय कार्यशाला में हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि इन दोनों समस्याओं का सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से है. कार्यशाला में न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया.

नौकरी का झांसा देकर तस्करी
मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए बताया कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या काफी गंभीर थी. हालांकि, सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संस्थाओं के साझा प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है. उन्होंने चिंता जताई कि कई मामलों में परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसा लेते हैं. ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परिवारों को सतर्क रहने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है.
अपने अनुभव भी किए साझा
मुख्यमंत्री साय ने अपने लगभग 30 से 35 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद के रूप में करीब 20 साल दिल्ली में रहने के दौरान उनके सामने मानव तस्करी के कई मामले आए. उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में पहल करते हुए कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है.

महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन
महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर काम कर रहे हैं. यहां हिंसा से प्रभावित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलती हैं. इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 भी उपलब्ध हैं. महिला थानों की संख्या बढ़ाने, पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने और अभिव्यक्ति ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था का भी उल्लेख किया.
महतारी वंदन से लखपति दीदी तक
महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सुरक्षा और सम्मान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि योजना की 33 किश्तें जारी हो चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं. प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से महिलाएं घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ छोटे व्यवसाय भी शुरू कर रही हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. उन्होंने कार्यशाला में मिले सुझावों को जमीन पर लागू करने और मानव तस्करी तथा घरेलू हिंसा के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को जनआंदोलन बनाने की अपील की, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

One Response