CG News: कार्तिक पूर्णिमा पर पलारी में दिखा आस्था का अद्भुत संगम, 1200 साल पुराने सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े हजारों श्रद्धालु
CG News: छत्तीसगढ़ की प्राचीन धार्मिक और लोक सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पलारी का पुन्नी मेला कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित हुआ. देव दीपावली के अवसर पर पलारी के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और बालसमुंद तालाब में हजारों श्रद्धालु पहुंचे. तड़के रात करीब 2 बजे से ही जिले और आसपास के क्षेत्रों से लोगों का आना शुरू हो गया था. श्रद्धालुओं ने बालसमुंद सरोवर में पवित्र स्नान किया और दीपदान कर परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
![]()
त्रिपुरासुर वध से जुड़ी मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है. मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी. भगवान शिव की विजय से प्रसन्न होकर देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था. तभी से इस दिन दीपदान की परंपरा चली आ रही है. कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र सरोवर में स्नान, भगवान शिव और विष्णु की पूजा तथा दीपदान को विशेष पुण्यदायी माना जाता है.
सिद्धेश्वर मंदिर में आस्था का संगम
पलारी का करीब 1200 वर्ष पुराना सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और बालसमुंद तालाब क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में शामिल हैं. यहां कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दीपदान की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. पुन्नी मेले में जिले के अलग-अलग हिस्सों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. मंदिर में पूजा-अर्चना और तालाब के किनारे दीपदान से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया.
![]()
लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक
पलारी का पुन्नी मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और सामाजिक मेल-मिलाप का भी महत्वपूर्ण अवसर है. मेले में ग्रामीण परिवारों और श्रद्धालुओं की भागीदारी से स्थानीय परंपराओं की जीवंत तस्वीर देखने को मिली. कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही प्रदेश में पारंपरिक मड़ई और मेलों के आयोजन की शुरुआत भी मानी जाती है.
पीढ़ियों से आगे बढ़ रही विरासत
बालसमुंद तालाब और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ी आस्था की यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रही है. हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर यहां जुटने वाले श्रद्धालु छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की गहरी जड़ों को दर्शाते हैं. पलारी का पुन्नी मेला इतिहास, आस्था और लोक परंपराओं को एक साथ जोड़ने वाला ऐसा आयोजन है, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए हुए है.

One Response