CG News: ACB-EOW की कार्रवाई से लेकर हाथियों के आतंक तक, CM साय ने इन 5 मुद्दों पर रखी अपनी बात
CG News: छत्तीसगढ़ में ACB और EOW की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकार का रुख स्पष्ट किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन साल से दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. अलग-अलग मामलों में जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जा रहा है, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है और आगे भी कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा.

नगरीय निकाय चुनाव पर कही ये बात
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर चुनाव का अपना महत्व होता है. पंचायत स्तर पर पंच के चुनाव से लेकर अन्य सभी स्तरों पर होने वाले चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि सभी चुनावों की अपनी भूमिका है और प्रत्येक चुनाव को महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए, देश में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं. मुख्यमंत्री के मुताबिक, पहले ये लोग अति गरीब की श्रेणी में आते थे, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है. उन्होंने इसे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया.
हाथियों के आतंक पर सरकार सतर्क
छत्तीसगढ़ में हाथियों की बढ़ती आवाजाही और मानव-हाथी संघर्ष को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से एक चुनौती है, लेकिन राज्य सरकार और वन विभाग इस समस्या को लेकर सतर्क हैं. प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को लगातार सावधान रहने की सलाह दी जा रही है. इसके साथ ही मोबाइल फोन के माध्यम से भी हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे से संबंधित सूचनाएं लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं, ताकि समय रहते जरूरी सावधानी बरती जा सके.
कई अहम मुद्दों पर CM ने रखा पक्ष
मुख्यमंत्री ने भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में पहले से पूरे हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा. इसके साथ ही नए स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन भी होगा. इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है, मुख्यमंत्री साय के बयान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, नगरीय निकाय चुनाव, गरीबी में कमी, हाथियों से सुरक्षा और शहरी विकास जैसे कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे. एक ओर उन्होंने ACB-EOW की जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही, तो दूसरी ओर मानव-हाथी संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा और विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया.

One Response