CG News: नर्सिंग की खाली सीटों पर दूसरे और मॉप-अप राउंड की संयुक्त काउंसिलिंग शुरू, 22 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
CG News: छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक और अवसर सामने आया है. प्रदेश में रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण और तीसरे यानी मॉप-अप राउंड की काउंसिलिंग एक साथ कराई जा रही है. राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन का कार्यक्रम जारी कर दिया है.
![]()
आवेदन के लिए तय हुई तारीख
संयुक्त काउंसिलिंग की ऑनलाइन प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे. निर्धारित समय के भीतर पंजीयन और जरूरी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा.

चार पाठ्यक्रमों में मिलेगा मौका
इस काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की बची हुई सीटों को शामिल किया गया है. खास बात यह है कि इस बार नए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र उम्मीदवार भी अपनी पसंद के संस्थान और पाठ्यक्रम का दोबारा चयन कर पाएंगे, संयुक्त काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से अपनी पसंद के संस्थान और विषय के विकल्प भरने होंगे. इसके बाद विकल्पों को लॉक करना भी अनिवार्य रहेगा. पहले चरण में प्रवेश हासिल कर चुके पात्र उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार सीट अपग्रेड यानी सीट उन्नयन का अवसर भी दिया जाएगा.
![]()
कम पर्सेंटाइल वालों को भी राहत
इस प्रवेश प्रक्रिया में बीएससी नर्सिंग के अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण छूट दी गई है. प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार भी इस चरण में पंजीयन करा सकेंगे और अपनी पसंद के संस्थान का चयन कर पाएंगे. हालांकि, यह सुविधा केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी, संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के तहत किया जाएगा. राज्य काउंसिलिंग समिति ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखते रहें.

One Response