CG News: दिल्ली के भारत मंडपम में आज मनेगा छत्तीसगढ़ राज्य दिवस, 7 लोकनृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
CG News: दिल्ली के भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी. अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के तहत यहां छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन किया जा रहा है. इस अवसर पर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा. कार्यक्रम में देश-विदेश से पहुंचे दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा. राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.

शाम को सांस्कृतिक आयोजन
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में होगी. आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस दौरान छत्तीसगढ़ के सात पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी. इनमें गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य शामिल हैं.

सात नृत्यों में संस्कृति
इन लोकनृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की अलग-अलग सामाजिक, धार्मिक और आदिवासी परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा. गौर नृत्य में बस्तर की आदिवासी संस्कृति दिखाई देगी, वहीं गौरा-गौरी नृत्य में शिव-पार्वती की आराधना की झलक मिलेगी. भोजली नृत्य प्रकृति और फसल पूजा से जुड़ा है, जबकि राउत नाचा यादव समाज की वीरता और परंपरा को दर्शाता है. सुआ नृत्य महिलाओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, पंथी सतनामी समाज की आध्यात्मिक चेतना और करमा नृत्य सामूहिक उल्लास का प्रतीक है.
कलाकारों की खास प्रस्तुति
कार्यक्रम में कलाकार पारंपरिक और रंग-बिरंगी वेशभूषा में नजर आएंगे. पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के साथ लयबद्ध नृत्य प्रस्तुतियां सांस्कृतिक संध्या का हिस्सा होंगी. इसके अलावा दर्शकों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी मिलेगा. इस माध्यम से लोग जलप्रपात को करीब से देखने जैसा अनुभव कर सकेंगे. आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज दिल्ली दौरा भी निर्धारित है. वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. शाम 6 बजे मुख्यमंत्री भारत मंडपम पहुंचकर छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में सहभागिता के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली में ही रात्रि विश्राम करेंगे.

One Response