CG News: पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय सम्मान, 5 पुरस्कारों से नवाजा गया राज्य
CG News: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर पांच पुरस्कार हासिल किए हैं. नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में शुक्रवार को आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य को इन सम्मानों से नवाजा. छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया. उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए. इसके अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला.

फास्टेस्ट मूवर्स में पहला स्थान
स्वनिधि सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ को योजना के तेजी से क्रियान्वयन के लिए फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान मिला. वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में राज्य दूसरे स्थान पर रहा. इन पुरस्कारों के जरिए पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने, डिजिटल लेनदेन से जोड़ने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है. कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे.
डिजिटल लेनदेन में बड़े बचेली और दंतेवाड़ा ने किया कमाल
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल किया. एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर रही. वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर निगम बिलासपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया. इन निकायों के प्रयासों से पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान अपनाने, बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने और सरकारी ऋण सुविधाओं का लाभ लेने में मदद मिली है.

छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता जताई. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. फास्टेस्ट मूवर्स में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान मिलना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नए प्रयोगों का परिणाम है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और छोटे व्यवसायियों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है. उन्होंने इस उपलब्धि को सुशासन और जनकल्याण के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता का सम्मान बताया.
अरुण साव ने नगरीय निकायों के प्रयासों को सराहा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य को दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली और उनके समर्पित प्रयासों को दर्शाता है. पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान नगरीय निकायों को छोटे कारोबारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक सक्रियता से काम करने की प्रेरणा देगी.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मिला सम्मान
नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे. इसके अलावा बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी कार्यक्रम में शामिल हुए. पीएम स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, डिजिटल लेनदेन बढ़ाने और उनकी आजीविका को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं. पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के जरिए इन प्रयासों को देशभर में पहचान मिली है.
