CG News: सुहेला को CM साय देंगे 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के तहसील मुख्यालय सुहेला पहुंचेंगे. यहां दुर्गा मैदान में आयोजित सेवा संकल्प तिहार कार्यक्रम में शामिल होकर वे जिले को 459 करोड़ 45 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे. इसमें 142 करोड़ 90 लाख रुपये के 97 कार्यों का लोकार्पण और 316 करोड़ 55 लाख रुपये के 178 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है.
![]()
शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का भी शुभारंभ करेंगे. इन विकास परियोजनाओं से जिले में सड़क अधोसंरचना, आवागमन और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा. इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास को गति मिलने के साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
316 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय 316 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत वाले 178 विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे. इनमें विकासखंड बलौदाबाजार में 88 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग निर्माण और तहसील सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर एवं लाइटयुक्त सड़क निर्माण शामिल है.
सड़क निर्माण को मिलेगी गति
विकासखंड सिमगा में 8 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से हथबंद से जांगड़ा सड़क बनाई जाएगी. वहीं, विकासखंड भाटापारा में 6 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित 6.20 किलोमीटर सड़क निर्माण और 5 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से तुरमा से खैरी सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया जाएगा.
142.90 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री 142 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत के 97 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे. इनमें विकासखंड भाटापारा में 65 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण और 9 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण शामिल है.
ITI भवन और स्टॉपडेम का लोकार्पण
विकासखंड पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बने आईटीआई भवन का लोकार्पण होगा. इसके अलावा विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से मल्लीन नाला पर और विकासखंड कसडोल के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से मटिया नाला पर बने स्टॉपडेम भी जनता को समर्पित किए जाएंगे.
कई बड़े जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे. अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मौजूद रहेंगे. इसके अलावा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू, विधायक इंद्र साव, विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, लक्ष्मी बघेल, जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलतराम पाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहन वर्मा, ईशान वैष्णव, जिला अध्यक्ष आनंद यादव और सरपंच मोंगरा धृतलहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
