CG News: 30 साल तबला बजाने के बाद सूफी गायकी में बनाई पहचान, CM साय ने पद्मश्री मदन सिंह चौहान से की मुलाकात
CG News: नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पद्मश्री सम्मानित संगीत साधक मदन सिंह चौहान भी शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं अतिथियों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने संगीत के प्रति उनके लंबे समर्पण और कला के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की.

जब टिन का पीपा बन गया पहला वाद्य यंत्र
मदन सिंह चौहान की संगीत यात्रा संघर्ष और जुनून की मिसाल है. बचपन में संगीत सीखने की इच्छा तो थी, लेकिन अभ्यास के लिए वाद्य यंत्र उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में उन्होंने हार मानने के बजाय एक टिन के पीपे को ही ढोलक का रूप दे दिया. इसी पर थाप लगाकर उन्होंने संगीत का अभ्यास शुरू किया और अपनी साधना को लगातार आगे बढ़ाते रहे.
ढोलक से तबले तक तय किया लंबा सफर
शुरुआती कठिनाइयों के बावजूद मदन सिंह चौहान ने संगीत की बारीकियां सीखने के लिए निरंतर मेहनत की. टिन के पीपे से शुरू हुआ उनका अभ्यास धीरे-धीरे ढोलक और फिर तबले तक पहुंचा. उन्होंने करीब 30 वर्षों तक तबला वादन किया और इस दौरान संगीत की अलग-अलग विधाओं में अपनी समझ और अनुभव को मजबूत बनाया.

सूफी और गजल गायकी में बनाई अलग पहचान
वाद्य संगीत में लंबे अनुभव के बाद मदन सिंह चौहान ने गायकी के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. उन्होंने गजल और सूफी संगीत को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया. अपनी विशिष्ट गायकी और निरंतर साधना के बल पर उन्होंने संगीत जगत में अलग पहचान स्थापित की. उनके इसी कलात्मक योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया.
संघर्ष से सम्मान तक पहुंची संगीत साधना
मदन सिंह चौहान की कहानी बताती है कि किसी कला को सीखने के लिए महंगे संसाधनों से ज्यादा जरूरी लगन, अभ्यास और समर्पण होता है. सीमित सुविधाओं के बीच शुरू हुआ उनका संगीत सफर आज राष्ट्रीय सम्मान तक पहुंच चुका है. लोग उन्हें सम्मान और स्नेह से गुरुजी कहकर पुकारते हैं.
मुख्यमंत्री ने की संगीत साधना की सराहना
दीपावली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुजी से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों और संगीत के प्रति समर्पण की प्रशंसा की. यह मुलाकात छत्तीसगढ़ की उन प्रतिभाओं को सामने लाती है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी कला की साधना जारी रखी और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को पहचान दिलाई.


One Response