CG News: दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार की पत्नी को मिला बीमा चेक, डिप्टी CM विजय शर्मा ने सौंपा
CG News: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक प्रदान किया. यह सहायता बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत दी गई है. नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि किसी अपने को खोने का दुख कभी पूरा नहीं हो सकता, लेकिन आर्थिक सुरक्षा मुश्किल समय में परिवार को आगे बढ़ने की ताकत देती है.
जवानों के परिवार की सुरक्षा
विजय शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा के साथ-साथ उनके परिवारों का आर्थिक संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है. सैलरी पैकेज से जुड़ी बीमा सुविधाएं किसी आकस्मिक घटना में जवानों के आश्रितों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही हैं. उन्होंने बताया कि इस सुरक्षा व्यवस्था का दायरा बढ़ाते हुए हाल ही में नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी योजना से जोड़ा गया है.

परिवार के भविष्य पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाए. उन्होंने कहा कि इस धनराशि का उपयोग परिवार की लंबी अवधि की आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए. साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली बाकी सहायता और सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.
12 साल तक दी पुलिस सेवा
दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ थे. वे कैंप घाघरा में अपनी सेवाएं दे रहे थे और पुलिस बल में 12 साल से अधिक समय तक कार्यरत रहे. 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था. इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज योजना के तहत उनकी पत्नी और नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा सहायता स्वीकृत की गई. वहीं, उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है.

नगर सैनिकों को भी लाभ
छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं. इनके तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुविधा मिलती है. आकस्मिक मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित नियमों के अनुसार आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाती है. इसी व्यवस्था का विस्तार करते हुए नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी बीमा सुरक्षा से जोड़ा गया है.
पांच मामलों में मिली सहायता
बैंक ऑफ बड़ौदा अब तक पुलिस बल के पांच कर्मियों के मामलों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान कर चुका है. यह राशि प्रभावित परिवारों को आर्थिक स्थिरता देने के साथ बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मददगार बन रही है. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता और विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल सहित बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार और सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार मौजूद रहे.


One Response