CG News: विकसित भारत–जी राम जी योजना को लेकर बड़ा प्लान, अगले 100 दिनों में होंगे ये अहम काम
CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों को गति देने की तैयारी तेज हो गई है. विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आगामी 100 दिनों को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है. रायपुर के निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के दूसरे दिन योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.

निर्धारित समय पर पूरे करने होंगे निर्माण कार्य
आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गांवों में मजबूत और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण जरूरी है. इसके लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों का चयन किया जाना चाहिए.

रोजगार और जल संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता
योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे उपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं. इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और लोगों की आजीविका मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. इसके साथ ही पिछड़े जनजातीय समूहों, दिव्यांगजनों और एकल महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

बीजापुर में पहली बार 84 करोड़ के कार्य मंजूर
इस कार्यशाला में बीजापुर जिले से आए सहायक परियोजना अधिकारी ने योजना के जमीनी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि जिले में नक्सली समस्या समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिली है. ग्राम सभाओं में लोगों की मांग और सहमति के आधार पर विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है. इसी प्रक्रिया के तहत बीजापुर जिले में पहली बार करीब 84 करोड़ रुपये की लागत के कार्य स्वीकृत किए गए हैं.

11 जिलों के अधिकारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
तीन दिवसीय कार्यशाला में प्रदेश के 11 जिलों से पहुंचे कार्यपालन अभियंता, सहायक परियोजना अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी शामिल हुए. प्रशिक्षण के दौरान विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान यानी VGPP, कार्यों के चयन, स्वीकृति प्रक्रिया और तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है. साथ ही मैदानी स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की जा रही है.
गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ योजना को बेहतर तरीके से लागू करना है. इसके तहत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नियमित निगरानी और समय पर काम पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. प्रशिक्षण में अधिकारियों को तकनीकी मार्गदर्शिका, 375 प्रकार के अनुमन्य कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना VGPP, धार–अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं. अब देखना होगा कि आगामी 100 दिनों में योजना के तहत तय किए गए लक्ष्यों को जमीन पर कितनी तेजी से पूरा किया जाता है.

