CG News: कृषक उन्नति योजना से किसानों को 35 हजार 904 करोड़ का भुगतान, फसल विविधीकरण और मिलेट्स को मिलेगा बढ़ावा
CG News: छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए राज्य सरकार कई योजनाओं और नवाचारों पर काम कर रही है. कृषक उन्नति योजना, फसल विविधीकरण, दलहन-तिलहन उत्पादन और श्री अन्न यानी मिलेट्स की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है. शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कृषि विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी.

25 लाख से अधिक किसानों को भुगतान
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से खरीफ वर्ष 2023 से खरीफ वर्ष 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया है. इसमें खरीफ 2023 के लिए 13 हजार 289 करोड़ रुपये, खरीफ 2024 के लिए 11 हजार 976 करोड़ रुपये और खरीफ 2025 के लिए 10 हजार 639 करोड़ रुपये की राशि शामिल है. सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है.

प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की मिलेगी सहायता
कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की समान आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है. इससे किसान अपनी जरूरत के अनुसार धान बेच सकेंगे और निर्धारित रकबे के आधार पर कम मात्रा में धान विक्रय करने पर भी सहायता का लाभ प्राप्त कर सकेंगे. वहीं, धान के स्थान पर दूसरी फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए सहायता राशि 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है. इस योजना के तहत अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है.

दलहन-तिलहन और वैकल्पिक फसलों को मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार की ओर से दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता देने का प्रावधान किया गया है. इसके तहत अब तक 4 लाख 26 हजार 185 किसानों ने 2 लाख 66 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है. इसके अलावा प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान यानी पीएम-आशा के तहत वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों के 273 केंद्रों पर अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर और सरसों की कुल 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल खरीदी की गई. इसके बदले किसानों को 219 करोड़ 8 लाख रुपये का भुगतान किया गया.

श्री अन्न की खरीदी और प्रसंस्करण को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी और रागी जैसे पारंपरिक पौष्टिक अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड के माध्यम से इनकी खरीदी की जाएगी. इसके लिए 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है. रागी की खरीदी केंद्र सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर, जबकि कोदो और कुटकी की खरीदी राज्य सरकार द्वारा तय दरों पर होगी. खरीदे गए मिलेट्स की आपूर्ति मांग और उपलब्धता के अनुसार आंगनबाड़ियों, माध्यमिक स्कूलों और विभिन्न शासकीय, अर्द्धशासकीय तथा निजी संस्थानों को की जाएगी. इसके साथ ही प्रसंस्करण और विपणन को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि किसानों को खेती के नए विकल्प और उनकी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके.
