नोनी सुरक्षा योजना: छत्तीसगढ़ की बेटियों को मिलेंगे एक लाख रुपये, जानिए क्या है नोनी सुरक्षा योजना और कैसे उठाएं लाभ
नोनी सुरक्षा योजना: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नोनी सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है. महिला एवं बाल विकास विभाग की इस योजना का लाभ गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले पात्र परिवारों की बालिकाओं को दिया जाता है. इसके तहत बालिका के नाम पर भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC के माध्यम से पांच वर्षों तक प्रतिवर्ष 5 हजार रुपये जमा किए जाते हैं, ताकि भविष्य में उसकी शिक्षा और दूसरी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सके.
मिलेगी एक लाख रुपये की राशि
नोनी सुरक्षा योजना के तहत पात्र बालिका के नाम पर पांच वर्षों में कुल 25 हजार रुपये जमा किए जाते हैं. योजना के प्रावधानों के अनुसार, बालिका के 18 वर्ष की आयु पूरी करने और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर एक लाख रुपये की परिपक्वता राशि देने का प्रावधान है. इसके लिए बालिका का अविवाहित रहना भी जरूरी है. निर्धारित शर्तें पूरी होने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद यह राशि बालिका के बैंक खाते में उपलब्ध कराई जाती है.
![]()
बाल विवाह रोकने और शिक्षा को बढ़ावा देना उद्देश्य
इस योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है. इसके माध्यम से बाल लिंगानुपात में सुधार, कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक और बाल विवाह को हतोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही गरीब परिवारों की बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना भी योजना के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है.

राजनांदगांव की नव्या को मिला योजना का लाभ
योजना का लाभ मिलने के उदाहरण प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आए हैं. राजनांदगांव के तुलसीपुर वार्ड क्रमांक 17 निवासी राहुल कुमार दास ने अपनी बेटी नव्या वैष्णव के पंजीयन के लिए कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन दिया था. कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की और पात्रता सुनिश्चित होने के बाद बालिका का ऑनलाइन पंजीयन किया. इसके बाद परिवार को पंजीयन संख्या और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया.
अम्बिकापुर की बालिकाओं को भी मिला आर्थिक संबल
अम्बिकापुर की ग्राम पंचायत कृष्णापुर निवासी मानती राजवाड़े की बेटी आंचल राजवाड़े को सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत इस योजना का लाभ मिला. परिवार को LIC के माध्यम से एक लाख रुपये का बॉन्ड प्राप्त हुआ. वहीं, ग्राम पंचायत कतकालो निवासी खिरमेन यादव ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी मिलने के बाद अपनी बेटी का आवेदन कराया. इन परिवारों को योजना से जुड़ने के बाद बेटियों की पढ़ाई और भविष्य की जरूरतों के लिए आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है.
बेटी के भविष्य के लिए परिवारों ने शुरू की बचत
राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के ग्राम गुण्डरदेही निवासी फुलेश्वरी साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुशीला मालेकर से जानकारी मिलने के बाद अपनी बेटी गरिमा साहू का नोनी सुरक्षा योजना में पंजीयन कराया. इसके साथ ही उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बेटी के नाम पर खाता खुलवाकर हर महीने 500 रुपये की बचत भी शुरू की. इसी तरह सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मेंड्राकला निवासी कौशिल्या राजवाड़े ने भी अपनी बेटी का पंजीयन कराया और LIC के माध्यम से एक लाख रुपये का बॉन्ड प्राप्त किया.
योजना का लाभ लेने के लिए कहां करें संपर्क
नोनी सुरक्षा योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. इसके जरिए बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. योजना का लाभ लेने के इच्छुक परिवार पात्रता, आवेदन की समय-सीमा और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी के लिए अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र या महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. आवेदन से पहले योजना की वर्तमान पात्रता शर्तों की पुष्टि करना जरूरी है.

One Response