CG Rajyotsav 2026: आज होगा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का समापन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
CG Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में समापन होगा. समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. समापन समारोह को लेकर राज्योत्सव मैदान में विशेष तैयारियां की गई हैं.

राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं
समापन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राज्य अलंकरण समारोह रहेगा. छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से साहित्य, कला, संस्कृति, खेल, समाज सेवा, विज्ञान, कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. राज्य अलंकरण के जरिए प्रदेश की उन विभूतियों को पहचान दी जाएगी, जिन्होंने अपने कार्यों से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है.
अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर 2:40 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे सीधे पंडरी स्थित निजी अस्पताल के लोकार्पण समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे. दोपहर 3 बजे अस्पताल का लोकार्पण कार्यक्रम निर्धारित है. इसके बाद शाम 4:50 बजे वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे, जहां विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे.
पार्क के लोकार्पण के बाद शाम 6 बजे अमित शाह राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और समापन समारोह में शामिल होंगे. उनका कार्यक्रम रात 8 बजे तक निर्धारित है. इसके बाद रात 8:20 बजे वे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

लोकसंगीत और पंडवानी की प्रस्तुतियां होंगी खास
राज्योत्सव के समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष तैयारी की गई है. मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा. शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के कलाकार छत्तीसगढ़ी और मध्य भारतीय लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे. इसके बाद शाम 6:30 बजे छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी.
राज्य अलंकरण के बाद अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति
कार्यक्रम के तय शेड्यूल के अनुसार, शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा. इसके बाद रात 9 बजे बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. वहीं, शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से 10 अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी. रायपुर की गायिका आस्था भट्ट भी भजन गायन की प्रस्तुति देंगी.
छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंगों से सजा राज्योत्सव मैदान
राज्योत्सव के अंतिम दिन पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रतीकों से सजाया गया है. अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, राज्य अलंकरण और बॉलीवुड संगीत के जरिए समापन समारोह को यादगार बनाने की तैयारी है. तीन दिनों तक चले राज्योत्सव का समापन प्रदेश की कला, संस्कृति और उपलब्धियों को मंच पर प्रस्तुत करने के साथ होगा.

One Response