CG News: महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त आज होगी जारी, 67.40 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 632 करोड़ रुपये
CG News: दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को राज्य सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है. महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त आज जारी की जाएगी. इस बार योजना की राशि राज्योत्सव के समापन समारोह के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी. शाम को आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह बटन दबाकर डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर करेंगे.
![]()
67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, इस बार प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये भेजे जाएंगे. विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त का लाभ मिलेगा. राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी.
अब तक 20,717 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है. आज 33वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी. इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है.

राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे अमित शाह
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज भव्य समापन होगा. कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे. इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
अमित शाह का आज का पूरा कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जुड़ा रहेगा. वे दोपहर 2:40 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे सीधे पंडरी स्थित निजी अस्पताल के लोकार्पण समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर 3 बजे कार्यक्रम निर्धारित है.
इसके बाद शाम 4:50 बजे अमित शाह नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे. यहां वे विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचकर समापन समारोह में शामिल होंगे. उनका कार्यक्रम रात 8 बजे तक निर्धारित है. समारोह के बाद रात 8:20 बजे वे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.

One Response