CG News: 1 नवंबर से शुरू होगा तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव, पलक मुच्छल, स्वास्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य सजाएंगे सुरों की महफिल
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को होगा. नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, लोककलाओं और परंपराओं का संगम बनेगा. तीनों दिन देश और प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. बॉलीवुड गायकों के सुरों के साथ वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम और आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
![]()
तीनों दिन शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल
राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में 1 नवंबर को शाम 6 बजे केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे. दूसरे दिन 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे. वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में राज्योत्सव का समापन होगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा.
पहले दिन पलक मुच्छल की होगी संगीतमय प्रस्तुति
राज्योत्सव के पहले दिन 1 नवंबर को मुख्य मंच पर शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. शाम 5 से 6 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार प्रादेशिक और राज्यस्तरीय लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे. शाम 6 बजे रायपुर के कलाकार अनुराग शर्मा अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे. इसके बाद शाम 6.30 से 8 बजे तक राज्योत्सव का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा. रात 8 बजे से बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी.

दूसरे दिन ‘मैं अयोध्या हूं’ नाटक का होगा मंचन
राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को कला और संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे. शाम 6 से 7 बजे तक ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा. यह प्रस्तुति भारतीय सांस्कृतिक चेतना और अयोध्या की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को मंच पर दर्शाएगी. शाम 7 से 8 बजे तक रायपुर के कलाकार सुनील सोनी प्रस्तुति देंगे. इसके बाद रात 8 बजे से बॉलीवुड पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगी.
अंतिम दिन पद्मश्री उषा बारले और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति
राज्योत्सव के तीसरे और अंतिम दिन 3 नवंबर को शाम 6 से 6.30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे. शाम 6.30 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंथी कलाकार पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी. इसके बाद शाम 7 से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा. रात 9 बजे से बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे. उनकी प्रस्तुति के साथ राज्योत्सव की सांस्कृतिक शाम का समापन होगा.
पांच हेलिकॉप्टरों के साथ सारंग टीम दिखाएगी हवाई करतब
राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतब दिखाएगी. टीम पांच हेलिकॉप्टरों के जरिए करीब 10 तरह के फॉर्मेशन और हवाई प्रदर्शन करेगी. इसमें हेलिकॉप्टरों के अलग-अलग दिशाओं में तेजी से बिखरने जैसे रोमांचक प्रदर्शन भी शामिल होंगे. सारंग टीम के अलावा वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम भी अपने कौशल का प्रदर्शन करेगी. वहीं, एमआई-17 हेलिकॉप्टर से विशेष स्लिदरिंग ऑपरेशन दिखाया जाएगा, जिसमें जवान रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर से नीचे उतरते नजर आएंगे. इन प्रदर्शनों के जरिए दर्शकों को वायुसेना की तकनीक, ऑपरेशनल क्षमता और जवानों के प्रशिक्षण की झलक मिलेगी.
शिल्पग्राम में तीन दिन होंगी 30 स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
राज्योत्सव मैदान में बनाए गए शिल्पग्राम मंच पर प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. तीन दिनों में कुल 30 स्थानीय प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी. इनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले कलाकार छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला, लोकसंगीत, नृत्य और नाट्य विधाओं का प्रदर्शन करेंगे. कार्यक्रम में पंडवानी, पंथी, सुआ नृत्य, कथक, ओडिसी, लोकमंच, लोकगीत, भजन, सूफी संगीत, गजल, शास्त्रीय नृत्य और आदिवासी लोकसंगीत जैसी विधाएं शामिल होंगी. इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा और दर्शकों को प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू होने का अवसर मिलेगा.
लोकसंस्कृति और संगीत के साथ सजेगा तीन दिवसीय उत्सव
राज्योत्सव में एक ओर पलक मुच्छल, स्वास्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, वहीं दूसरी ओर स्थानीय कलाकार प्रदेश की लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत करेंगे. संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में 2 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक आयोजन भी होगा, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि रहेंगे. वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में समापन समारोह और राज्य अलंकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस बार संगीत, लोककला और वायुसेना के हवाई प्रदर्शन तीन दिवसीय राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगे.


One Response