CG News: छत्तीसगढ़ के किसानों को 498 करोड़ रुपये की सौगात, धान खरीदी के लिए खुलेंगे 360 नए केंद्र
CG News: छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 498 करोड़ 48 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. शुक्रवार को रायपुर में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी जानकारी दी. इसी दौरान उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की घोषणा की.

देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को मिली किस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी की. इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ के किसानों को भी 24वीं किस्त का लाभ मिला है.
अब तक 11,776 करोड़ रुपये से अधिक मिले
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक सहायता का माध्यम बनी है. प्रदेश के किसानों को अब तक इस योजना के तहत 11,776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार काम कर रही है, मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए जाएंगे. इसके बाद राज्य में खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो जाएगी. नए केंद्र खुलने से दो लाख से अधिक किसानों को अपने घर के नजदीक धान बेचने की सुविधा मिलने की उम्मीद है.

15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी धान खरीदी
राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी. इसके लिए समितियों में तैयारियां की जा रही हैं. सरकार के मुताबिक, 2 से 5 नवंबर तक खरीदी केंद्रों पर ट्रायल रन आयोजित किया जाएगा, धान बेचने के लिए किसानों को तुंहर टोकन एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की सुविधा दी जाएगी. मुख्यमंत्री के अनुसार, 10 नवंबर से किसान इस एप पर 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकेंगे. इससे किसानों को टोकन लेने के लिए समितियों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी.


One Response