CG News: CM साय ने लॉन्च किया ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ दिवाली गिफ्ट पैक, महिला समूहों को मिलेगा लाभ
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक का लोकार्पण किया. वन धन विकास केंद्रों से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय एवं हर्बल उत्पादों को आकर्षक गिफ्ट पैक के रूप में तैयार किया गया है. इस पहल से छत्तीसगढ़ के गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा और लघु वनोपज संग्राहकों तथा महिला समूहों की आजीविका को मजबूती मिलेगी.

वन संपदा से वनवासी परिवारों की आजीविका को मजबूती
मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध वन संपदा लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है. सरकार का प्रयास है कि वनों से प्राप्त उपज का अधिक से अधिक मूल्य संवर्धन प्रदेश में ही हो और इसका सीधा आर्थिक लाभ वन उपज संग्राहकों तथा महिला समूहों तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय वनोपज का प्रसंस्करण कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं, जिन्हें बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़कर आय के बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं.
प्रीमियम और सामान्य श्रेणी में तैयार हुए गिफ्ट पैक
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बने उत्पादों को खरीदने और उपहार में देने से वनांचल के परिवारों तथा महिला स्व-सहायता समूहों को सीधा लाभ मिलता है. ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक दो श्रेणियों, प्रीमियम और सामान्य में तैयार किए गए हैं. प्रीमियम गिफ्ट पैक में नौ प्रकार के चयनित उत्पाद हैं, जबकि सामान्य गिफ्ट पैक में पांच प्रकार के उत्पाद शामिल हैं. आम नागरिक इन्हें छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा संचालित ‘संजीवनी’ विक्रय केंद्रों से खरीद सकेंगे.

जामुन जूस से जशपुर की ग्रीन टी तक
गिफ्ट पैक में जामुन जूस, जामुन स्प्रेड, आंवला कैंडी, इमली कैंडी, कोदो और महुआ से बने कुकीज़, च्यवनप्राश, वाइल्ड फॉरेस्ट हनी, बस्तर के मसाला एवं नमकीन काजू, जशपुर की ग्रीन टी और एलोवेरा जेल जैसे उत्पाद शामिल हैं. इन उत्पादों में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, पारंपरिक खाद्य संस्कृति और महिला समूहों के उद्यम कौशल का समावेश है. स्थानीय वनोपज से तैयार उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग और विपणन से ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ ब्रांड को नई पहचान मिल रही है.
वन धन विकास केंद्रों से बढ़ रहे रोजगार और आय के अवसर
गिफ्ट पैक के उत्पाद वन धन विकास केंद्र कौरीनभाटा (राजनांदगांव), बोड़ला (कवर्धा), पंचक्की (जशपुर), आसना (जगदलपुर), दुगली (धमतरी), डोंगानाला (कटघोरा) और केंद्रीय प्रसंस्करण इकाई जामगांव (एम), दुर्ग में तैयार किए जा रहे हैं. इन केंद्रों का वार्षिक कारोबार लगभग 60 से 70 लाख रुपए है. यहां वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से स्थानीय रोजगार तथा आय के अवसर पैदा हो रहे हैं. उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन से जुड़कर महिला स्व-सहायता समूह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहे हैं. गिफ्ट पैक की मांग और बिक्री बढ़ने से वन उपज संग्राहकों की आय, महिला उद्यमिता और वनांचल की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.


One Response