CG News: रायपुर में स्मृति ईरानी के सख्त तेवर, BJP कार्यालय में भीड़ पर जताई नाराजगी
CG News: भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के रायपुर प्रवास के पहले ही दिन पार्टी कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में अनुशासन को लेकर सख्ती देखने को मिली. कार्यालय पहुंचते ही उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ पर नाराजगी जताई. उन्होंने सवाल किया कि परिसर में इतने लोगों को बुलाने की क्या जरूरत है. इसके साथ ही संगठन के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में कार्यालय में केवल उन्हीं लोगों को बुलाया जाए, जिनकी उस समय बैठक निर्धारित हो. बिना किसी जरूरी काम के परिसर में भीड़ जुटाने से बचने को भी कहा गया.
![]()
कार्यकर्ताओं को बूथ पर जाने के निर्देश
विमानतल से रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की संख्या पर आपत्ति जताई. उन्होंने पूछा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को यहां किस उद्देश्य से बुलाया गया है. इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर जाने के निर्देश दिए और कहा कि जिनका कोई निर्धारित काम नहीं है, उन्हें परिसर में रुकने की जरूरत नहीं है. इसी दौरान एक महिला नेत्री ने उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया.

निर्धारित बैठक वाले नेताओं को ही मिला प्रवेश
स्मृति ईरानी के निर्देशों के बाद कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रवेश की व्यवस्था भी सख्त कर दी गई. ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ, तो केवल उन्हीं नेताओं और पदाधिकारियों को अंदर जाने दिया गया, जिनकी बैठक तय थी. सभी को एक साथ प्रवेश देने के बजाय बैठक के निर्धारित समय के अनुसार बुलाया गया. इसके चलते कई नेताओं को अपनी बारी आने तक परिसर के बाहर इंतजार करना पड़ा. इस व्यवस्था के जरिए कार्यालय में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और बैठकें तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित करने पर जोर दिया गया.
नेताओं के वाहन भी बाहर रोके गए
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में केवल लोगों के प्रवेश पर ही नहीं, बल्कि वाहनों को लेकर भी सख्ती बरती गई. प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और अन्य नेताओं को अपने वाहन परिसर के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई. मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय और भूपेंद्र सवन्नी सहित निगम, मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों और पूर्व सांसदों-विधायकों के वाहन भी बाहर ही रोक दिए गए. बैठक में शामिल होने पहुंचे नेताओं के साथ आए लोगों को भी परिसर के बाहर रुकना पड़ा.
संगठन और पार्टी की रीति-नीति पर चर्चा
रायपुर प्रवास के पहले दिन स्मृति ईरानी ने सुबह से शाम तक पार्टी पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं. इन बैठकों में संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की रीति-नीति और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई. इस दौरान उन्होंने पार्टी में संबोधन के तरीके को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि भाजपा में ‘मैडम’ शब्द का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “देश में एक ही मैडम हैं, वो हैं सोनिया गांधी.” उनके पहले दिन के कार्यक्रम में संगठनात्मक अनुशासन, बैठक व्यवस्था और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विशेष जोर देखने को मिला.


One Response