CG News: रायपुर में भारतीय महिला टीम की बड़ी जीत, जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराकर सीरीज पर किया कब्जा
CG News: रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शेफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी की और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा.
![]()
शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी की. उन्होंने महज 25 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए. उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. शेफाली की इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने मुकाबले में आसानी से जीत हासिल की. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, मुकाबले में टॉस जीतकर जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए. के. एनड्लोवू ने 40 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए, जबकि एस. मेयर्स ने 15 गेंदों पर नाबाद 20 रन की पारी खेली. भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को नियंत्रित रखा और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका.
![]()
भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
भारतीय महिला टीम ने दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर तीन मैचों की टी-20 सीरीज अपने नाम कर ली है. इससे पहले शुक्रवार को खेले गए पहले मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया था. उस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 116 रन बना लिए थे. पहले मैच में दीप्ति शर्मा ने 37 गेंदों में 49 रन और नंदनी प्रसाद ने 35 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
रायपुर में पहली बार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है. पहले मैच में बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया था. भारत की लगातार दो जीत के बाद अब दर्शकों की नजरें सीरीज के अंतिम मुकाबले पर रहेंगी, भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और अंतिम टी-20 मुकाबला 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे खेला जाना निर्धारित है. भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की बढ़त के साथ मैदान पर उतरेगी, जबकि जिम्बाब्वे की टीम आखिरी मैच जीतकर सीरीज का समापन बेहतर प्रदर्शन के साथ करना चाहेगी.


One Response