CG News: भिलाई स्टील प्लांट की बिक्री की खबरों का खंडन, BSP और PIB ने बताया भ्रामक
CG News: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को बेचने की योजना से जुड़ी खबरों पर संयंत्र प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट की है. BSP के मुताबिक, सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट मीडिया में प्रसारित हो रही ये खबरें असत्य और भ्रामक हैं. इस्पात मंत्रालय ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से इन दावों को खारिज किया है. वहीं, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने भी इन खबरों को झूठा और निराधार बताया है.

अपुष्ट खबरों को साझा करने से बचें
भिलाई इस्पात संयंत्र ने कर्मचारियों, हितधारकों और छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाली खबरों पर भरोसा न करें. संयंत्र ने लोगों से ऐसी सूचनाओं को आगे प्रसारित करने से बचने और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से उसकी सत्यता जांचने का आग्रह किया है. गलत सूचनाओं के प्रसार से कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन सकती है.

छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में अहम योगदान
भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है. अपनी स्थापना से लेकर अब तक इसने प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने, रोजगार के अवसर पैदा करने और सहायक उद्योगों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है. संयंत्र से हजारों परिवारों की आजीविका भी जुड़ी हुई है, जिसके चलते यह राज्य के गौरव के प्रतीक के रूप में पहचाना जाता है.

SAIL की प्रमुख इकाइयों में शामिल है BSP
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की प्रमुख इकाइयों में शामिल भिलाई इस्पात संयंत्र देश के इस्पात उत्पादन और औद्योगिक क्षमता को मजबूत करने में योगदान दे रहा है. संयंत्र ने जनता से अपील की है कि किसी भी खबर पर विश्वास करने से पहले उसकी पुष्टि विश्वसनीय और आधिकारिक माध्यमों से करें. साथ ही, भ्रामक जानकारी को साझा करने से बचें, ताकि कर्मचारियों, उनके परिवारों और प्रदेश की जनता के बीच गलत संदेश न पहुंचे.

One Response