शारदीय नवरात्रि 2026: छत्तीसगढ़ BJP महिला मोर्चा का कन्या पूजन कार्यक्रम, प्रदेश कार्यालय में होगा नवकन्या भोज
शारदीय नवरात्रि 2026: नवरात्रि में कन्या पूजन को शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. इस अवसर पर छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया जाता है और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद लिया जाता है. इसी परंपरा के तहत छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की ओर से रायपुर में विशेष कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में धार्मिक परंपरा के साथ कन्याओं के सम्मान का संदेश भी दिया जाएगा.

भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा कन्या पूजन
रायपुर के बोरियाकला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 19 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से कन्या पूजन एवं नवकन्या भोज का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान नौ कन्याओं की विधि-विधान से पूजा की जाएगी. उन्हें लाल चुनरी ओढ़ाकर, तिलक लगाकर और पुष्प व फल अर्पित कर सम्मानित किया जाएगा. पूजन के बाद कन्याओं को भोजन कराया जाएगा, साथ ही महाप्रसादी की व्यवस्था भी रखी गई है.
महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता होंगी शामिल
इस कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है. शारदीय नवरात्रि की अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन की विशेष मान्यता है. इस दौरान कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है और उन्हें पारंपरिक व्यंजन परोसे जाते हैं. कन्या भोज में आमतौर पर हलवा, पूड़ी और काले चने का प्रसाद बनाया जाता है. धार्मिक परंपरा के अनुसार, भोजन पहले मां दुर्गा को अर्पित किया जाता है, इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया जाता है.


One Response