CG News: मुख्यमंत्री साय ने कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध मां काली मंदिर, कालीबाड़ी और दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर मां काली एवं मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. मुख्यमंत्री ने मां के चरणों में शीश नवाकर छत्तीसगढ़ में खुशहाली और निरंतर विकास बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा.

आस्था और शक्ति का प्रतीक है नवरात्रि का पर्व
मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धाभाव से मां भगवती की आराधना करते हुए प्रदेश की प्रगति और हर परिवार की खुशहाली की कामना की. उन्होंने कहा कि शक्ति की उपासना का यह पावन अवसर हमें अपनी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है. मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं. उनकी आराधना से जीवन की चुनौतियों का हिम्मत के साथ सामना करने और सत्य, धर्म व सदाचार के रास्ते पर चलने की प्रेरणा मिलती है.

पर्व और उत्सव सामाजिक एकता को देते हैं मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से जुड़ी है. यहां के पर्व और उत्सव केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का माध्यम भी हैं. ऐसे आयोजन अलग-अलग वर्गों के लोगों को एक साथ लाते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत व जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं.

नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देती है दुर्गा पूजा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है. शक्ति की आराधना का यह पर्व समाज में मातृशक्ति के सम्मान और महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को हमेशा विशेष स्थान दिया गया है, मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति बनी रहे, किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं को अपने सपने साकार करने के अवसर मिलें और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली आए. उन्होंने कामना की कि मां के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ता रहे.
कालीबाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं से मिले मुख्यमंत्री
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की. उन्होंने सभी को नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान श्रद्धालुओं और समाज के लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया. कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

One Response